धमाका छत्तीसी मुंगेली / जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित “सही दवा-शुद्ध आहार यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत 15 दिवसीय सघन जांच अभियान तेजी से जारी है। कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिले में यह अभियान 11 मई तक संचालित किया जाएगा। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा अभियान के अंतर्गत जिले में निजी अस्पतालों एवं उनसे जुड़ी फार्मेसियों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वैक्सीन स्टोरेज एवं कोल्ड चैन व्यवस्था का विशेष रूप से परीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि अधिकांश स्थानों पर वैक्सीन निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखी गई थीं। हालांकि, कुछ अस्पतालों में रेफ्रिजरेटर में पावर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में भी वैक्सीन सुरक्षित रह सके।
इसी तरह खाद्य शाखा द्वारा शहर के प्रमुख होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों में भी सघन निरीक्षण किया गया। कुल 08 प्रतिष्ठानों की जांच में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर किचन व बर्तनों की नियमित सफाई, कर्मचारियों को हेड कवर व एप्रन पहनने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कीट नियंत्रण के लिए इंसेट कैचर लाइट लगाने और डस्टबिन को ढंककर रखने की सलाह दी गई। जिन प्रतिष्ठानों के पास खाद्य पंजीयन नहीं पाया गया, उन्हें तत्काल पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीयन संचालन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल स्वच्छ एवं पंजीकृत होटल-रेस्टोरेंट में ही भोजन करें। भोजन की गुणवत्ता या स्वच्छता में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही, वैक्सीन केवल पंजीकृत चिकित्सकों से ही लगवाने और चोट या पशु काटने की स्थिति में आवश्यक टीकाकरण अवश्य कराने की सलाह दी गई है।