धमाका छत्तीसी मुंगेली / भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण एस आई आर संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित एवं अनुपस्थित (ए.एस.डी.) मतदाताओं का पुनः सत्यापन 18 दिसम्बर 2025 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही बी.एल.ओ. एवं बी.एल.ए. के साथ फोटो मीटिंग की प्रेस फोटोग्राफ ए.एस.डी. सूची के साथ अपलोड करने को कहा।
बैठक में फार्म-06 के व्यापक वितरण, अधिक से अधिक पात्र नागरिकों से फार्म भरवाकर उनका संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। फार्म-06 के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। श्री गर्ग ने ई.आर.ओ. एवं ए.ई.आर.ओ. की मैपिंग शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के साथ ए.एस.डी. सूची को वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा गया। इस दौरान जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी कक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, डिप्टी कलेक्टर मायानंद चंद्रा एवं श्रीमती सारिका मित्तल सहित जिले के तीनों अनुविभागों के एसडीएम तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अब सत्यापन एवं गणना कार्य 18 दिसम्बर और दावा-आपत्ति 22 जनवरी तक
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में परिवर्तन कर अभियान को आगे बढ़ाया गया है। आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 21 फरवरी 2026 को किया जाएगा। एस.आई.आर. का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना है, ताकि निर्वाचक नामावली में किसी योग्य व्यक्ति का नाम न छूटे तथा किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम न जुडे़।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में अब 18 दिसम्बर तक घर-घर जाकर सत्यापन एवं गणना कार्य की तिथि निर्धारित की गई है। इसी तरह 23 दिसंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन तथा 22 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्तियां ली जायेगी। 14 फरवरी 2026 तक दावा-आपत्तियों के निराकरण का कार्य किया जायेगा। इसके उपरांत 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जायेगा। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में शतप्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कार्य किया जा चुका है। इस कार्य में मुंगेली जिले को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। ऐसे मतदाता जिनका ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन में नाम नहीं रहेगा, वे 23 दिसम्बर से 22 जनवरी तक नाम जुड़वाने हेतु दावा-आपत्ति कर सकते हैं। दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं होने व दावा-आपत्ति के लिए समुचित दस्तावेज जमा नहीं करने पर अंतिम प्रकाशन सूची में ऐसे मतदाताओं का नाम विलोपित रहेगा।