काली माई वार्ड में श्रमिक पंजीयन शिविर का हुआ आयोजन

27 से अधिक श्रमिकों का किया गया पंजीयन

धमाका छत्तीसी मुंगेली / कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद मुंगेली अंतर्गत वार्ड क्रमांक 14 स्थित काली माई गेट के समीप श्रमिकों के पंजीयन हेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों, मजदूरों एवं कामगारों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में दस्तावेजों का सत्यापन कर त्वरित रूप से श्रमिकों के पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। शिविर के दौरान 15 निर्माण श्रमिक, 07 संगठित एवं 15 असंगठित कर्मकारों के श्रम कार्ड बनाए गए, जिससे उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
इस दौरान मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) होरी सिंह ठाकुर ने शिविर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि असंगठित कर्मकार मंडल में पंजीयन कराने से श्रमिकों को आर्थिक सहायता, मातृत्व लाभ, शिक्षा सहायता, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिलता है। उन्होंने सभी पात्र श्रमिकों से पंजीयन कराने की अपील की, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
शिविर में शामिल पिंकी दीक्षित ने बताया कि उन्हें पहली बार शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिली है, जिससे वे अब नियमित रूप से इन योजनाओं से जुड़ सकेंगी। उपस्थित अन्य हितग्राहियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से उन्हें अपने ही वार्ड में सुविधाएं मिल जाती हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *