मुंगेली में उद्योग एवं बैंकर कनेक्ट कार्यक्रम संपन्न

उद्यमियों को ऋण, वित्तीय योजनाओं और बैंकिंग सुविधाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

धमाका छत्तीसी मुंगेली / जिले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा RAMP योजना के अंतर्गत जनपद पंचायत सभाकक्ष, मुंगेली में “उद्योग एवं बैंकर कनेक्ट कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के दर्जनों MSME उद्यमियों, महिला उद्यमियों, स्टार्टअप हितग्राहियों तथा पीएमएफएमई एवं पीएमईजीपी योजनाओं से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक सहित विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रही।
बैंक अधिकारियों ने उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना, CGTMSE तथा अन्य बैंकिंग सहायता योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह रही कि उद्यमियों को बैंक अधिकारियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिला, जिससे उन्होंने अपने व्यवसाय से संबंधित समस्याएं, ऋण प्रक्रिया में आने वाली कठिनाइयों तथा विस्तार योजनाओं पर खुलकर चर्चा की। अधिकारियों द्वारा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही कई ऋण प्रस्तावों पर मौके पर ही प्रारंभिक कार्यवाही शुरू की गई, जिससे स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक किशोर सिंह राजपूत ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और उद्योग विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि उद्यमियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके और स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि हो। उन्होंने सभी बैंक अधिकारियों, विभागीय प्रतिनिधियों एवं उपस्थित उद्यमियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से जिले में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, औद्योगिक संगठन तथा स्थानीय उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *