Breaking Newsअपना शहरखबर आस पासछत्तीसगढ़राजधानी

खेल से पहचान, प्रतिभा को सम्मान – जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक 2026 का शानदार समापन

ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, जोश और जुनून के साथ संपन्न हुआ आयोजन

दो दिवसीय खेल महाकुंभ में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत

बीजापुर धमाका छत्तीसी। जिले के मिनी स्टेडियम बीजापुर में आयोजित जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक 2026 का समापन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ हुआ। दो दिवसीय इस खेल महाकुंभ में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान में खिलाड़ियों का जोश और जीत के प्रति जुनून देखते ही बन रहा था।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जानकी कोरसा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गीता सोम पुजारी, जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती प्रीती आरकी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता चौबे, एसडीएम राकेश कुमार साहू, खेल अधिकारी आदित्य कुंजाम एवं डिप्टी कलेक्टर मुकेश देवांगन जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पाण्डे, तहसीलदार पंचराम सलामें, और जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समारोह के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

समापन समारोह में खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बस्तर की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। पारंपरिक लोकनृत्य, संगीत और आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने खेल महाकुंभ के उत्साह को और बढ़ाते हुए आयोजन को यादगार बना दिया।

बस्तर ओलम्पिक का आयोजन जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस आयोजन के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल के क्षेत्र में नई पहचान बनाने का अवसर मिला।

बस्तर ओलम्पिक 2026 ने एक बार फिर साबित किया कि बीजापुर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो उन्हें उचित मंच और अवसर प्रदान करने की। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, उत्साह और खेल भावना के साथ जिला स्तरीय बस्तर ओलम्पिक 2026 का यादगार समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button